रुद्रपुर। कार्निवाल सरस आजीविका मेला 2026 के सातवें दिन शुक्रवार को आयोजित उत्तराखंड पहाड़ी सांस्कृतिक संध्या ने मेले में पहुंचे लोगों को उत्साह, मनोरंजन और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत कलाकारों ने नंदा-सुनंदा की स्तुति से की, जिसके बाद एक से बढ़कर एक पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
गायक खुशी जोशी, फौजी ललित मोहन जोशी, गोविंद दिगारी, राकेश जोशी और राकेश पनेरू की टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। लोकप्रिय पहाड़ी गीतों पर दर्शक भी थिरकते नजर आए और पूरा आयोजन स्थल सांस्कृतिक रंगों से भर गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने सरस मेले की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए आयोजकों को बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि यह मेला ग्रामीण उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और लोक परंपराओं को मंच देने का अहम माध्यम बन रहा है।
सरस आजीविका मेला 2026 लगातार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सांस्कृतिक संध्या ने मेले की गरिमा को नई ऊंचाई देते हुए इसे दर्शकों के लिए यादगार बना दिया।
ये रहे मौजूद
दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, मंजीत सिंह राजू, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, पीडी हिमांशु जोशी, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, तहसीलदार दिनेश कुटौला, अधिशाषी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिम्वाल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर आदि मौजूद थे।