काशीपुर में निरस्त दुकानों की तालाबंदी कर कब्जा लेते ब्लॉक अधिकारी व प्रशासन।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। निरस्त की गई सभी 26 दुकानों पर खंड विकास विभाग ने पुलिस की मदद से शुक्रवार को कब्जा ले लिया। परगना मजिस्ट्रेट और तहसीलदार की मौजूदगी में बीडीओ ने दुकानों में ताले लगाकर उन्हें सील कर दिया।
जसपुरखुर्द निवासी अजय कुमार ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। इस क्रम में सीडीओ मयूर दीक्षित ने 10 अगस्त को अवैधानिक रूप से आवंटित की गई सभी 26 दुकानों का आवंटन निरस्त कर दिया था। उन्होंने बीडीओ एचएस मेहरा को 14 अगस्त तक इन दुकानों पर कब्जा प्राप्त करने के निर्देश दिए थे।
बीडीओ मेहरा के नेतृत्व में टीम ने 14 अगस्त को इन दुकानों पर कब्जे के नोटिस चस्पा किए थे। इसके बाद उसी दिन आवंटियों के घरों पर इस संबंध में नोटिस चस्पा कर दिए गए थे। शुक्रवार को परगना मजिस्ट्रेट सुंदर सिंह तोमर और तहसीलदार वीसी पंत की मौजूदगी में बीडीओ एचएस मेहरा ने सभी दुकानों पर ताले लगा दिए और सील कर दिया।
इस दौरान टीम को आवंटियों के हल्के विरोध का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उन्हें दुकानें नियमानुसार आवंटित हुई है, जिसका वह लगातार किराया अदा कर रहे हैं। उन्हें दुकानें खाली करने के संबंध में नियमानुसार कोई नोटिस नही दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सीओ मनोज कुमार ठाकुर व कोतवाल चंद्रामोहन सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।