बाजपुर बन्नाखेड़ा रेंज में अजगर को मारने वाला आरोपी।
- फोटो : BAZPUR
बाजपुर। बन्नाखेड़ा रेंज के चनकपुर बीट के अंतर्गत बकरी चराने गए एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से अजगर को काट कर मार दिया। सूचना पर पहुंची जंगलात टीम ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई। शनिवार शाम बन्नाखेड़ा रेंज के चनकपुर बीट में एक व्यक्ति बकरी चराने गया था। इस दौरान अजगर ने आरोपी और बकरी को निवाला बनाने की कोशिश की। जिस पर बकरी पालक ने धारदार हथियार से अजगर का मुंह काट कर मार दिया। सूचना पर जंगलात टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। अजगर को मारने के आरोपी सोबन सिंह निवासी गांव बरहैनी बुक्सार को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अजगर ने उस पर और बकरी पर हमला किया। जिस पर उसने धारदार हथियार से अजगर को काट कर मार दिया। बन्नाखेड़ा के डिप्टी रेंजर सुरेंद्र सिंह जलाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्य संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को जेल भेजा गया है। संवाद