रुद्रपुर स्थित तराई विकास सहकारी संघ का कार्यालय।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले में इस वर्ष धान की बंपर पैदावार के चलते सरकारी क्रय एजेंसियों के धान खरीद के लक्ष्य पूरे होते जा रहे हैं। जिले में सहकारिता विभाग और नेफेड के बाद अब तराई विकास सहकारी संघ का भी धान खरीद का लक्ष्य पूरा हो गया है। अब पोर्टल में धान रिकॉर्ड न चढ़ने पर खरीद बंद हो गई है।
इस वर्ष जिले में धान खरीद के लिए तराई विकास सहकारी संघ को 15 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य मिला था। इस लक्ष्य को संस्था ने सवा महीने में पूरा ही कर लिया है। संस्था के प्रभारी सचिव साकेत साही ने कहा कि लक्ष्य पूरा होने के कारण अब पोर्टल में धान का रिकॉर्ड नहीं चढ़ पा रहा है।
इस कारण शासन से तराई विकास सहकारी संघ का धान खरीद का लक्ष्य बढ़ाने की मांग की है ताकि क्रय केंद्रों पर पहुंचने वाले सभी किसानों का धान खरीदा जा सके। बता दें कि जिले में धान की बंपर पैदावार के चलते इस बार सहकारिता विभाग और नेफेड के क्रय केंद्रों पर पहले से ही लक्ष्य पूरा हो चुका है।