मुरादाबाद से दोराहा चौक तक चलने वाली प्राइवेट बसों का संचालन बाजपुर शहर से करने से भड़के थ्री व्हीलर चालकों ने विरोध किया। चालकों ने बसों के आगे खड़े होकर उन्हें दोराहा चौक पर ही रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। भारी विरोध के चलते प्राइवेट बसों का संचालन नहीं हो पाया।
बता दें कि मुरादाबाद और रामपुर से प्राइवेट बस बाजपुर तक चलती थी। लेकिन राज्य गठन के बाद इन बसों को यूपी सीमा तक चलने दिया। जिससे मुरादाबाद और रामपुर से चलने वाली प्राइवेट बसें दोराहा चौक तक आती थीं। सोमवार को प्राइवेट बसों को बाजपुर शहर तक चलाने की भनक लगते ही थ्री व्हीलर टैंपो यूनियन अध्यक्ष उपकार सिंह चालकों को लेकर चौक पर पहुंचे। उन्होंने मुरादाबाद से पहुंची बसों के आगे खड़े होकर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बसों को किसी कीमत पर शहर में प्रवेश नही करने दिया जाएगा। थ्री व्हीलर चालकों का कहना है कि बसों के शहर तक चलने से उनके समक्ष रोजी रोटी का संकट आ जायेगा। इधर, बस मालिक नसीम खां, महबूब, अब्दुल माजिद ने बताया कि बसों के परमिट मुरादाबाद-बाजपुर-हल्द्वानी के दिए गए हैं। पहले टैक्स के कारण बाजपुर तक बसों का संचालन नही हो पा रहा था। लेकिन टैक्स जमा कर दिया गया है।