नानकमत्ता में विधायक राणा को ज्ञापन सौंपते शिक्षक संघ के लोग।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा को ज्ञापन सौंपकर जिले में शिक्षकों की लंबित पदोन्नति पर जल्द कार्रवाई कराने की मांग की। सोमवार को संघ की खटीमा इकाई के सदस्यों ने विधायक के कैंप कार्यालय पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने विधायक को बताया कि शासन व कार्मिक विभाग के निर्देश पर अन्य सभी जिलों में पदोन्नति की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। जिले में प्राथमिक विद्यालय, उच्च प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के अनेक पद रिक्त हैं। रिक्त पदों के बावजूद अपनी सेवा काल के 14-15 वर्ष पूर्ण कर चुके शिक्षकों की अभी तक पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। शिक्षकों ने विधायक से आवश्यक कार्रवाई कर लंबित पदोन्नति का कार्य जल्द कराने की मांग की। विधायक ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में सुरेश उप्रेती, अरविंद गोस्वामी, राजेश जोशी, भुवन उप्रेती, खिलानंद अटवाल आदि थे। संवाद