अवकाश स्वीकृत न करने पर शिक्षक भड़के, चुनाव स्थगित
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सीईओ से अधिवेशन की तैयारियों के खर्चे का भुगतान मांगा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। कोरोना महामारी के चलते इस बार चार साल बाद होने जा रहे राजकीय शिक्षक संघ के चुनाव से पहले गहमागहमी और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए अवकाश स्वीकृत न करने का आरोप लगाते हुए सीईओ कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने सीईओ पर अध्यक्ष पद के दूसरे प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने के प्रयास में अवकाश स्वीकृत न करने का आरोप लगाया। शाम पांच बजे तक अवकाश स्वीकृत न होने पर उन्होंने अग्रिम तिथियों तक चुनाव को स्थगित कर दिया।
जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा और जिला मंत्री अरविंद चौधरी ने कहा कि 25 और 26 नवंबर को काशीपुर में जिला कार्यकारिणी का अधिवेशन एवं चुनाव होना था। चुनाव के लिए अवकाश घोषित करने को सीईओ को पत्र लिखा था लेकिन अभी तक अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया है जबकि अधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं जिसमें करीब एक लाख रुपये खर्च हुए हैं। इस खर्चे का भुगतान करने के लिए सीईओ को पत्र लिखा जा रहा है। वहां वीरेंद्र चौहान, आशा सिंह, प्रताप यादव, लक्ष्मीदत्त कबडवाल, सुनील वर्मा, हेमेंद्र पाल, अनंत चौहान, कीर्तिवल्लभ गहतोड़ी, मुराद शाह, भुवन कलोनी, नीरज चौहान, प्रेम नारायण सिंह आदि थे। इधर सीईओ आरसी आर्या ने कहा कि वह स्वयं अवकाश पर थे जिस कारण वह धरने पर बैठे शिक्षकों से संपर्क नहीं कर सके।
कोट
अध्यक्ष पद के दूसरे प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने के लिए सीईओ चुनाव के दिन अवकाश स्वीकृत नहीं कर रहे हैं। दूसरे प्रत्याशी भी सीईओ को पत्र भेजकर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं जबकि चुनाव और अधिवेशन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। - दीपक शर्मा, जिलाध्यक्ष पद के दावेदार।
==
राजकीय शिक्षक संघ की नई जिला कार्यकारिणी के चुनाव के लिए हमारी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं का हमें समर्थन मिल रहा है। सीईओ कार्यालय में चल रहे धरने से हमारा कोई संबंध नहीं हैं। हम लोग चुनावों की तैयारियों में लगे हुए हैं। - गिरीश शर्मा, जिलाध्यक्ष पद के दावेदार।
फोटो-23 आरडीपी 06पी- सीईओ कार्यालय में धरना देते शिक्षक-शिक्षिकाएं।
07पी- दीपक शर्मा।
08पी- गिरीश शर्मा।
दीपक शर्मा।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर में सीईओ कार्यालय में धरना देते शिक्षक-शिक्षिकाएं।- फोटो : RUDRAPUR