पंतनगर में हुई वार्षिक सामान्य बैठक में टीडीसी चेयरमैन ने दी विभिन्न जानकारियां
पंतनगर। उत्तराखंड बीज एवं तराई विकास निगम (टीडीसी) के चेयरमैन आनंदवर्धन का कहना है कि टीडीसी अपने वर्तमान संकट से उबरकर फिर से नई ऊंचाइयों को छुएगा। पंतनगर विवि परिसर के गांधी हाॅल में हुई टीडीसी की 49वीं, 50वीं और 51वीं वार्षिक सामान्य बैठक में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस साल को मिलेट्स वर्ष घोषित किया है। टीडीसी ने प्रदेश को मंडुआ, मादिरा, गहत, रामदाना और काला भट्ट आदि के करीब 12 हजार क्विंटल बीज की आपूर्ति की है। बताया कि निगम के सुदृढ़ विपणन तंत्र के माध्यम से प्रमाणित बीजों की बिक्री उत्तराखंड सहित यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और पंजाब में की जा रही है।
होगा पुनर्गठन
डीएम और टीडीसी के एमडी उदयराज सिंह ने बताया कि रबी सीजन 2023-24 में प्रबंधन की ओर से विषम परिस्थितियों में भी बीज बेचने के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। अगले सत्र में व्यवसाय बढ़ाने की नई रणनीति के तहत उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों को सब्जी बीज, जैविक खाद व जैविक रसायन की आपूर्ति के लिए फार्म से एमओयू किए जा रहे हैं। टीडीसी में व्यावसायिक/तकनीकी कार्मिकों की कमी को देखते हुए ढांचे में परिवर्तन कर इसका पुनर्गठन किया जा रहा है। इससे टीडीसी प्रतिस्पर्धात्मक बाजार में मजबूती से स्थापित हो सकेगा। कार्यक्रम में दो हजार अंशधारियों में से मात्र 58 किसानों और कर्मचारियों ने ही शिरकत की।
अंशधारियों को मुआवजे से 34 प्रतिशत देने की मांग
पंतनगर। गदरपुर के कृषक अंशधारी राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आने से टीडीसी के हल्दी प्लांट और मुख्यालय के समाप्त होने की आशंका है। यदि ऐसा होता है तो निगम को उसका मुआवजा भी मिलेगा। टीडीसी का अस्तित्व अंशधारी किसानों से ही है, इसलिए मुआवजे का 34 प्रतिशत अंश उन्हें भी मिलना चाहिए। एनके तिवारी, विजय भुड्डी, डीएन मिश्रा, सुरेंद्र नरूला, टीकम सिंह खेड़ा, ओपी श्रीवास्तव, धर्मपाल, अविनाश गुप्ता, जीएस बरार ने भी टीडीसी के उत्थान के लिए सुझाव रखे। अपर मुख्यसचिव आनंदवर्धन ने सुझावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। संवाद
ये रहे मौजूद
वहां टीडीसी के जीएम डाॅ. एके वर्मा, निदेशक शोध डाॅ. एएस नैन, सीजीएम फार्म डाॅ. जयंत सिंह, कृषक निदेशक मुकुल माहेश्वरी, डाॅ. दीपक पांडेय, अंकुर पपनेजा, समर पाल सिंह ग्रेवाल, पृथपाल सिंह, एनएससी के डाॅ. दीपक पांडेय आदि थे।