शक्तिफार्म। सुरेंद्र नगर में आयोजित नेताजी सुभाष नाइट फुटबाल टूर्नामेंट के तहत मंगलवार रात को एक सेमी फाइनल और एक लीग मैच खेला गया। सेमी फाइनल में टनकपुर ने गढ़वाल बॉयज को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इधर, चौथे लीग मुकाबले में कुंडेश्वरी ने रामपुर को 5-0 से हराया।
सेमी फाइनल के पहले ही मिनट में गढ़वाल बॉयज के अजेंद्र ने गोल किया। पहले हाफ के नौवें मिनट में ऋतिक और 14वें मिनट में प्रांजल ने गोल कर टनकपुर को 2-1 की बढ़त दिलाई। मैच समाप्ति से कुछ क्षण पहले प्लेयर आफ दी मैच रहे राहुल ने टनकपुर की ओर से तीसरा गोल कर टीम को जीत दिलाई।
इसके बाद हुए चौथे लीग मुकाबले में कुंडेश्वरी ने प्लेयर आफ दी मैच नागेंद्र के दो गोल और हैरी, अनिल व पवन के एक-एक गोल की बदौलत रामपुर को 5-0 से हराया। दूसरा सेमीफाइनल कुंडेश्वरी और सुरेंद्रनगर के बीच बृहस्पतिवार की रात को खेला जाएगा।
इससे पहले टैगोर नगर ग्राम प्रधान नेहा सरकार, सुरेंद्रनगर प्रधान सुमन हलदार, बीडीसी हरेंद्र मंडल और पंचायत सदस्य चित्रा ने मैच का शुभारंभ किया। मैच में अखिलेश मंडल, सुमित विश्वास और अमित वैद्य रैफरी, सुनील सरकार, सुमित मंडल और जयंत मंडल कमेंट्रेटर और समीर साना स्कोरर रहे।