रुद्रपुर। उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने प्रदेश की मंडी समितियों की मासिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सचिव मंडी समिति की आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें। आय को बढ़ाने के लिए क्या-क्या कार्य किए जा सकते हैं, इसकी रुपरेखा बोर्ड को उपलब्ध कराएं। ताकि इसका प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री के सामने रखा जा सके। उन्होंने राज्य की जिन मंडी समितियों की आय में निरंतर कमी पाई जाती है तो उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश मंडी परिषद के अधिकारियों को दिए।
बोर्ड अध्यक्ष कपूर ने कहा मंडी समितियों में जहां कहीं भी कैंटीन काफी समय से खाली पड़ी हैं, उन्हें महिला समूहों को देने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन व्यापारियों/आढ़तियों ने मंडी समिति से लाइसेंस प्राप्त कर समिति प्रांगण की जगह के बजाय अन्य क्षेत्र में व्यापार कर रहे हैं और सही समय पर मंडी शुल्क नहीं दे रहे हैं, उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं। एक पखवाड़े में प्रबंध निदेशक के साथ मंडियों का भ्रमण किया जाएगा। उन्होंने कहा मंडी समितियों में कितनी भूमि रिक्त है और कितनी दुकानें, कैंटीन, गोदाम खाली पड़े हैं, उसकी जानकारी बोर्ड मुख्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। बैठक में मंडी परिषद के प्रबंध निदेशक बीएस चलाल, महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट, महाप्रबंधक (वित्त) जुबक मोहन सक्सेना आदि मौजूद थे। संवाद