काशीपुर में एएसपी से ठगी की शिकायत करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
काशीपुर। खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर एक ठग दर्जनों लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों रुपए समेटकर फरार हो गया। पीड़ितों ने एएसपी को तहरीर सौंपकर रुपए वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार को श्री राम कॉलोनी और उसके आसपास रहने वाले दर्जनों लोग एएसपी कमलेश उपाध्याय से मिले।
उन्होंने कहा कि कॉलोनी में एक व्यक्ति किराए पर रहता था। वह खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताता था। उसके पास एक अन्य आदमी आता था, जो अपने को विभाग में कर्मचारी बताता था। खुद को अधिकारी बताने वाले ने कई लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा दिया। विभाग में नौकरी लगाने की एवज में प्रति व्यक्ति ढाई से तीन लाख रुपए लिए। नौकरी न लगने पर जब लोगों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी छह जनवरी की सुबह अपना सामान समेटकर चलता बना।
उन्होंने बताया कि आरोपी के कमरे से एक आधार कार्ड, फोटो और कुछ सामान मिला है। आधार कार्ड में प्रीतम राय निवासी शिव मंदिर के पास आंवला (बरेली), यूपी लिखा है। एएसपी उपाध्याय ने कहा कि नौकरी लगाने के नाम पर किसी को भी रुपए न देकर ऐसे लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान निर्मल सिंह, शिव ओम कुमार, विनीत, जगत सिंह, सुनील कुमार, रोहित कुमार, राजीव, दिनेश कुमार, सलीम आदि थे।