रुद्रपुर। टीईटी प्रमाणपत्रों में फर्जीवाड़े के मामले में जिले के निलंबित एक शिक्षक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। शिक्षक के दस्तावेज की जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। जांच में प्रमाणपत्रों को लेकर गड़बड़ी सामने आने के बाद अब विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक की सेवा समाप्त करने तक की कार्रवाई हो सकती है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में फर्जी टीईटी और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने के मामले उजागर होने के बाद ऊधमसिंह नगर में भी शिक्षा विभाग ने दस्तावेज की पड़ताल शुरू की थी। जिले में अब तक ऐसे दो मामले सामने आए हैं। इनमें खटीमा की एक शिक्षिका को पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है जबकि दूसरे मामले में शिक्षक को निलंबित कर उसके प्रमाणपत्रों की जांच कराई जा रही है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में हुई नियुक्तियों को लेकर सभी उप शिक्षा अधिकारियों को नियुक्ति के साथ ही दस्तावेज का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए थे। इसी प्रक्रिया के तहत संदिग्ध प्रमाणपत्रों की जांच कराई गई। निलंबित शिक्षक के मामले में जांच रिपोर्ट तैयार हो चुकी है।
रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान शिक्षक के टीईटी प्रमाणपत्र और शैक्षणिक अभिलेखों का मूल रिकॉर्ड से मिलान किया गया। प्रमाणपत्रों में मिली विसंगतियों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय स्तर पर कार्रवाई की तैयारी है।