खटीमा के चकरपुर स्थित रेलवे फाटक का निरीक्षण करती रेलवे एवं राजस्व विभाग की टीम।
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जत नगर बरेली-गोरखपुर मंडल की ओर से चकरपुर स्थित हनुमान मंदिर पचौरिया में भूमिगत मार्ग एवं लालकोठी सब नहर के नदन्ना नहर पर पुल के एक फाटक को बंद कर एक मार्ग चालू रखने की योजना तैयार की जा रही है। रेलवे के सहायक मंडलीय इंजीनियर पीलीभीत जयकरन यादव एवं सेक्शन इंजीनियर संजीव कुमार भारतीय ने राजस्व निरीक्षक नरेंद्र गहतोड़ी एवं हल्का पटवारी आशा बिष्ट के साथ संयुक्त सर्वे किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थितियों का आंकलन करते हुए भौतिक जानकारी एकत्र की। इस दौरान टीम ने ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से रायशुमारी की।
सहायक मंडलीय इंजीनियर जयकरन यादव ने बताया कि रेलवे की गति बढ़ने एवं दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नदन्ना नहर पर पुल बनाकर एक फाटक बंद कर एक फाटक का ही इस्तेमाल होगा। जबकि चकरपुर हनुमान मंदिर के पास अंडरग्राउंड मार्ग निर्माण होगा। इस दौरान बीडीसी सदस्य मोहन प्रसाद महर आदि ने बताया कि रेलवे ट्रैक के अंडर मार्ग बरसात में जलभराव की स्थिति का सामना करते हैं। राजस्व निरीक्षक नरेंद्र गहतोड़ी ने बताया कि ग्रामीणों की समस्याएं एवं भौतिक रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से शासन को भेजी जाएंगी। वहां उपप्रधान सुनील राणा, मोहन जोशी, राजू गोरखाली, सुमित कुमार, महेश राम, मदन सिंह आदि थे।