रुद्रपुर। कांग्रेस में जल्द ही नए जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के नामों की घोषणा होने का कार्यकर्ताओं को बेसब्री से इंतजार है। जिलाध्यक्ष की प्रक्रिया के बीच यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर के नाम की एंट्री ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चौंका दिया है। भुल्लर का नाम आने के बाद जिलाध्यक्ष के समीकरण अचानक बदल गए हैं। सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता अपने पसंदीदा को अध्यक्ष बनाने के समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं।
कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के 27 संगठनात्मक जिलों में से 25 जिलों के अध्यक्षों के नाम लगभग तय कर लिए हैं। ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में अभी भी नामों पर सहमति नहीं बन पाई है। नामों की घोषणा से पहले कांग्रेस के भीतर घमासान मचा हुआ है। गुटों में बंटे नेता अपने-अपने पसंदीदा उम्मीदवार को जिलाध्यक्ष बनाने के लिए जोर लगा रहे हैं। पिछले महीने हुई रायशुमारी में जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, परिमल राय, डॉ. गणेश उपाध्याय सहित अन्य नेताओं के नाम पर रायशुमारी हुई थी। बीते कुछ दिनों से यूथ कांग्रेस कोटे से मुख्य संगठन में जिलाध्यक्ष के लिए सुमित्तर का नाम आने के बाद ही सियासी समीकरण बदल गए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी किस पर भरोसा जताती है, इसकी तस्वीर सूची घोषित होने पर साफ हो सकेगी।
-
पैराशूट उतारना था तो रायशुमारी क्यों
कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा बगावती तेवर में दिख रहे हैं। उनका कहना है कि एक महीने पहले पर्यवेक्षक ने रुद्रपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की थी। इसमें पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपने नाम दिए। ये नाम पर्यवेक्षक ने हाईकमान को भेज दिए हैं। अब पैराशूट को उतारना था तो रायशुमारी क्यों की गई थी।
कोट:
ऊधमसिंह नगर में रहने वाले को पार्टी को प्राथमिकता देनी चाहिए। जो कालाढूंगी में रहता हो और नैनीताल एसएसयूआई का जिलाध्यक्ष रहा हो, उसे जिले की कमान देने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने पार्टी के लिए काम करके अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। हिमांशु गावा, वर्तमान जिलाध्यक्ष, कांग्रेस।
-
पार्टी हाईकमान ने मेरे नाम पर सहमति जताई है। पार्टी हाईकमान का जो भी निर्णय होगा वह मुझे स्वीकार होगा। ऊधमसिंहनगर में वे लगातार काम कर रहे हैं। सुमित्तर भुल्लर, प्रदेश अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस।