काशीपुर। गन्ना विभाग के अधिकारियों ने गन्ना बीज पौधशालाओं का निरीक्षण किया। साथ ही किसानों को शरदकालीन बुवाई के लिए नवीनतम बीज की बुवाई करने की सलाह दी।
गन्ना एवं चीनी आयुक्त कार्यालय काशीपुर में स्थापित गन्ना बीज पौधशालाओं का बृहस्पतिवार को सहायक निदेशक गन्ना किसान संस्थान निलेश कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार, बीके चौधरी एससीडीआई ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। सहायक निदेशक ने बताया कि शरदकालीन बुवाई निकट है। ऐसे में किसानों को नवीनतम बीज की पौधशालाओं से गन्ना बीज लेकर बुवाई करनी चाहिए। किसानों को लाल सड़न रोग से प्रतिरोधी गन्ना प्रजाति का बीज की बुवाई करनी चाहिए। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि किसानों को कीट मुक्त बीज का चयन करके गन्ना बुवाई करनी चाहिए। एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि गन्ना पर्यवेक्षकों को किसानों के माध्यम से गन्ना बीज की मांग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहां पर प्रचार अधिकारी गन्ना विकास परिषद काशीपुर राजेश कुमार मौजूद रहे।