काशीपुर। एक युवक ने अपने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। लगातार इंटर में फेल होने के कारण वह मानसिक अवसाद में था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बंगलुरू में इंजीनियर के पद पर कार्यरत नरेश सिंह पाल का परिवार यहां टांडा उज्जैन में रहता है। बड़ा बेटा चेतन पाल (22) चार बार इंटर की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो चुका था। इस बार भी परीक्षा परिणामों को लेकर वह मानसिक अवसाद में था। बुधवार दोपहर उसके पिता नरेश पाल, मां पूनम पाल, बहिन गीतिका पाल व छोटा भाई मोहित घर में थे। शाम करीब चार बजे चेतन ने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसके कमरे में जाकर देखा तो शव लटका हुआ था। सूचना पर सीओ मनोज कुमार ठाकुर, कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, टांडा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार व पार्षद मनोज बाली मौके पर पहुंच गए। जानकारी करने पर पता लगा कि आत्महत्या से पूर्व चेतन गुमसुम था। कुछ समय पहले ही उसने अपना व्हाट्सएप, फेसबुक, स्ट्रॉग्राम आदि का अकाउंट डिलीट कर दिया था। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।