बाजपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विषय और सीट नहीं बढ़ने से नाराज छात्र संघ पदाधिकारियों ने तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। प्राचार्य ने आक्रोशित छात्रों को समझाने की कोशिश कर उनकी उच्चशिक्षा निदेशक से मोबाइल पर वार्ता कराई। छात्रों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर सोमवार से भूख हड़ताल की चेतावनी दी। पुलिस ने छात्रों को किसी तरह बमुश्किल समझाकर शांत किया।
बुधवार को छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र बोरा की अगुवाई में विद्यार्थी एकत्र होकर महाविद्यालय पहुुंचे। उन्होंने महाविद्यालय के मुख्य गेट पर होम साइंस, एजुकेशन सहित चार विषय बढ़ाने और सीटें दोगुनी करने की मांग पर प्रदर्शन किया। इसके बाद छात्रों ने गेट पर तालाबंदी कर धरना दिया। तालाबंदी होने से शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित रहा। महाविद्यालय के प्राचार्या प्रो. बीके सिंह और चीफ प्राॅक्टर एके पालीवाल ने प्रदर्शनकारी छात्रों से वार्ता की। प्राचार्य ने छात्रों की उच्च शिक्षा निदेशक से मोबाइल पर वार्ता कराई। छात्रों ने मांगे पूरी नहीं होने पर सोमवार को आंदोलन करने की चेतावनी दी। वहां पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रशांत भट्ट, राहुल, उत्कृर्ष सिंह, सुखप्रीत सिंह, अयाज, कुणाल, विशाल यादव, अमन दीक्षित, रितिक यादव, अनुराग आदि थे। इधर छात्र संघ अध्यक्ष बोरा ने बताया कि प्राचार्य ने बृहस्पतिवार को बीए और बीकाॅम में प्रवेश के विद्यार्थियों की वरीयता सूची जारी करने का भरोसा दिया है।