बाजपुर। राजकीय महाविद्यालय बाजपुर में भूगोल, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान और शिक्षा शास्त्र विषयों की मंजूरी नहीं मिलने से नाराज छात्रों की भूख हड़ताल तीसरे दिन रविवार को भी जारी रही। अनशन स्थल पर पहुंचे किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने समर्थकों के साथ छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया। आंदोलनरत छात्रों ने कहा कि मांगें पूरी होने के बाद ही अनशन समाप्त किया जाएगा।
पीजी कॉलेज में नए विषयों की स्वीकृति की मांग को लेकर छात्रा गुनगुन पवार और छात्र रोहित कुमार 31 जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। अनशन स्थल पर किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की जायज मांगों की लगातार उपेक्षा किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नए विषयों की मंजूरी नहीं मिलने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूसरे नगरों का रुख करना पड़ता है।
इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रवीण कुमार कांबोज, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतनाम सिंह डागी, पूर्व छात्रसंघ सचिव राजकिशोर सिंह, सुनील पाठक, दीपक पांडे, संजीव कुमार, शेर सिंह, रवि कुमार आदि मौजूद रहे।