पंतनगर। जैव प्रौद्योगिकी परिषद में शैक्षणिक भ्रमण पर खटीमा से आए लगभग दो सौ विद्यार्थियों को जैव प्रौद्योगिकी के नवीन शोध और नवाचारों से अवगत कराया गया। इस दौरान उन्हें जल संरक्षण के लिए जल शपथ भी दिलाई गई।
बायोटेक निदेशक डॉ. संजय कुमार के मार्गदर्शन में शनिवार को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट थारू राइंका खटीमा के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद (बायोटेक) का शैक्षणिक भ्रमण किया। समन्वयक डॉ. मणिंद्र मोहन शर्मा ने बायोटेक की गतिविधियों, शोध और नवाचार से विद्यार्थियों को अवगत कराया। वैज्ञानिक डॉ. कंचन कार्की ने फोरेंसिक साइंस की नई उपलब्धियों व इनोवेशन की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्टार्टअप योजनाओं सहित प्रयोगशालाओं में हो रहे अनुसंधान की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों ने बायोटेक के उपयोग आने वाले संवेदनशील उपकरणों की क्रियाविधि को जाना। विद्यार्थियों को जल और मृदा गुणवत्ता विश्लेषण, ऊतक संवर्धन से उच्च प्रजाति के पौधों को विकसित करने की तकनीकी विधि सहित डीएनए जांच के तौर-तरीकों की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक नरेंद्र रौतेला, एके अवस्थी, एचएस विष्ट, महेंद्र धामी, लिली सिंह आदि शिक्षक गण मौजूद रहे।