सामने से आ रही रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में डंपर छात्रों से भरी मारुति वैन से टकराने से बच गई लेकिन खाई में उलट गई। डंपर से गिरे पत्थरों से तीन छात्र घायल हो गए। घायलों का प्राइवेट अस्पताल में इलाज किया गया।
मंगलवार सुबह लगभग सवा आठ बजे एक स्कूल वैन बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। बताया जाता है कि वैन चालक गुटका लेने के लिए वैन को सड़क पर खड़ा कर दुकान चला गया। इसी दौरान परमानंदपुर मोड़ पर हाईवे पर आई सामने रुद्रपुर की तरफ से रोडवेज बस जबकि काशीपुर की और से ट्रक जा रहा था।
डंपर चालक ने बस को बचाने के चक्कर में डंपर का हैंडिल मोड़ दिया। जिससे डंपर सड़क किनारे पलट गया। डंपर से पलटने से उसमें रखे पत्थर वैगन की छत में गिर गए। जिससे तीन छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते की आईटीआई के एसओ अरुण सैनी पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और बच्चों को प्राइवेट अस्पताल भेजा।
घायल होने वाले बच्चों में ग्राम दभौरा मुस्तकम निवासी हरजीत सिंह का पुत्र यश दीप सिंह कक्षा-3, उसकी बहन अर्पन ज्योत कक्षा-7 और सुखा सिंह का पुत्र हर्ष दीप कक्षा-4 थे। वैन में आठ बच्चे सवार थे। समाचार लिखने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।