फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस वाहन से कुचलकर छात्रा की मौत

Thu, 21 Jan 2016 12:00 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/ रुद्रपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
स्कूल में छुट्टी के बाद घर जा रही चौथी कक्षा की छात्रा को पुलिस के वाहन ने रौंद दिया। घायल छात्रा ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। गुस्साए लोगों ने वाहन को रोककर काशीपुर बाईपास रोड पर बवाल कर दिया। चालक को भीड़ में शामिल लोगों ने बाहर खींचकर पीटने और वाहन में तोड़फोड़ की कोशिश भी की गई।
विज्ञापन


मामला तूल पकड़ा तो भारी संख्या में पुलिस फोर्स को बुला लिया गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस किसी तरह भीड़ से निकालकर वाहन और चालक को कोतवाली ले आई। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

 बुधवार शाम काशीपुर बाईपास रोड पर पुलिस लाइन का वाहन यूके 06जीए 0134 स्कूली बच्चों को लेकर पुलिस लाइन जा रहा था। छुट्टी होने पर आदर्श कालोनी क्षेत्र में स्थित गुरुनानक प्राइमरी स्कूल की छात्रा नैंसी पाल (9) पुत्री राजकुमार पाल निवासी भूतबंगला भी अन्य विद्यार्थियों के साथ घर जा रही थी। गुरुनानक इंटर कॉलेज के समीप पुलिस के वाहन की चपेट में नैंसी आ गई। राहगीरों ने वाहन को रुकवाया और नैंसी को जिला अस्पताल भेजा गया। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन


जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने संविदा चालक महेश चंद्र निवासी रातीघाट नैनीताल से हाथापाई की कोशिश भी की और सड़क पर बवाल खड़ा कर दिया। पुलिस ने चालक को गाड़ी के अंदर बिठाकर गेट बंद किए रखा। वाहन में मौजूद बच्चों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर घर भिजवाया। घटना की सूचना आग की तरह फैली और वहां भारी संख्या में लोग एकत्र होकर हंगामा काटने लगे। बढ़ती भीड़ को देखकर पुलिस के भी हाथपांव फूल गए।

सीओ बीएस चौहान ने लोगों को समझाने की कोशिश की मगर वे पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और चालक का मेडिकल कराकर जेल भेजने पर अड़े रहे। भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और सीओ को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। जिसके बाद बेहड़ और ठुकराल ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाकर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

एएसपी पंकज भट्ट भी मौके पर पहुंचे और लोेगों को शांत रहने की अपील की। करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद लोगों का गुस्सा ठंडा पड़ा। पुलिस आरोपी चालक और वाहन को कोतवाली ले गई। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि मृतका के पिता राजकुमार की तहरीर पर आरोपी संविदा चालक महेश चंद्र के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर बच्ची की जान लेने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें