जिले की सीमाओं पर पुलिस के पहरा देने के बाद अब संपर्क मार्गों से आवाजाही शुरू हो गई है। पुलिस से आंखमिचौली कर दूसरे राज्यों से आने वाले लोग संपर्क मार्गों से रुद्रपुर पहुंच रहे हैं। जहां से विभिन्न गंतव्यों को रवाना हो रहे हैं। बगैर कोरोना जांच के आ रहे इन लोगों से कोरोना संक्रमण बढ़ सकता है।
कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए पुलिस ने जिले की सभी सीमाओं पर कड़ी पाबंदी कर दी है। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को 72 घंटे की आरटीपीसीआर कोरोना जांच और उत्तराखंड सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। वहीं, यूपी से आने वाली रोडवेज की बसों को रामपुर सीमा पर ही रोक दिया जा रहा है। यूपी से आने वाले लोग सीमाओं पर कोरोना की जांच और कोरोना की रिपोर्ट दिखाने के बाद रुद्रपुर आ रहे हैं।
इधर, पुलिस की सख्ती के बाद लोग संपर्क मार्ग का रुख करने लगे हैं। बसों से उतरने के बाद लोग रामपुर सीमा से सटे संपर्क मार्गों के रास्ते टेंपो से रुद्रपुर पहुंच रहे हैं। ऐसे में लोग खुद को तो मुसीबत में डाल ही रहे हैं। साथ ही दूसरे लोगों और अपने परिजनों के साथ भी धोखा कर रहे हैं। मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक दो संपर्क मार्गों से सौ से अधिक लोग संपर्क मार्गों से रुद्रपुर पहुंचे।
रामपुर सीमा पर दूसरे राज्यों के आने वाले लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट और पंजीकरण संख्या देखकर उसे रिकॉर्ड किया जा रहा है। रुद्रपुर आने वाले सभी लोगों की सीमा पर जांच कराई जा रही है। अन्य जिलों के लोगों को बिना जांच के भेज दिया जा रहा है। इनकी जांच उसी जिले में हो रही हैं, जहां के वह निवासी हैं। संपर्क मार्गों से आने की बात सामने आ रही है। बुधवार से संपर्क मार्गों से आवाजाही रोकी जाएगी। - अमित कुमार, सीओ।