फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: सड़क पर लावारिस और पालतू जानवरों का जमावड़ा, खतरे में जान

Fri, 08 May 2026 01:25 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। सड़क पर घूम रहे लावारिस जानवर लोगों की जान आफत में डाल रहे हैं। नगर का कोई भी इलाका लावारिस जानवरों से अछूता नहीं है। आए दिन यह जानवर हादसों का कारण बन रहे हैं। नैनीताल हाईवे हो, आवास विकास या कलक्ट्रेट, विकास भवन रोड पर तो हर तरफ लावारिस जानवर दिनरात घूमते रहते हैं। जिला पंचायत कार्यालय और विकास भवन रोड पर पालतू जानवरों का जमावड़ा रहता है। झुंड में निकलते जानवरों से यातायात संचालन में दिक्कत आती है। जानवरों से वाहनों के टकराने का खतरा रहता है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को व्यस्ततम एआरटीओ कार्यालय से विकास भवन की ओर जाने वाली रोड पर पालतू जानवरों का झुंड गुजर रहा था। सड़क पाट कर चल रह जानवरों के कारण वाहन संचालन में दिक्कत हो रही थी। नैनीताल हाईवे पर टांडा मोड़ के साथ ही दिनेशपुर रोड पर जयनगर में भी लावारिस जानवर लोगों के लिए दिक्कतें खड़ी कर रहे हैं। लावारिस जानवरों को गोशाला भेजने के निकाय अधिकारियों के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

-इंसेट:
मंगलवार को चली गई थी युवक की जान
बीते मंगलवार की रात ग्राम अलखदेवा, प्रेमनगर (गदरपुर) निवासी परविंदर सिंह उर्फ पिंदर (35) पुत्र रंजीत सिंह रोजाना की तरह रात में ड्यूटी से घर लौट रहा था। युवक रात करीब 10:30 बजे जैसे ही करतार हवेली के सामने पहुंचा तभी डिवाइडर पर बैठे एक बेसहारा पशु के अचानक सड़क पर आ जाने से परविंदर की बाइक उससे टकरा गई जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन

-
-कोट:
लावारिस जानवरों को गोशाला में भिजवाने का निर्णय लिया गया है। जल्द ही लावारिस जानवरों को चिह्नित कर गोशाला भेजा जाएगा। -राजू नबियाल, सहायक नगर आयुक्त रुद्रपुर
-
खटीमा में लावारिस पशुओं की समस्या बरकरार

खटीमा। खटीमा, मझोला व झनकट क्षेत्र में लावारिस पशुओं की समस्या बरकरार है। सड़कों, हाईवे के अलावा गली मोहल्लों में सुबह से लेकर शाम तक यह लावारिस पशु लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। सड़कों पर दुर्घटनाओं की वजह बनने के साथ ही किसानों की मेहनत से उगाई गई फसलों को चट कर रहे हैं। खटीमा के झनकट स्थित दियां चांदपुर में गोशाला के आठ जुलाई 2024 में आई बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त होने के बाद मझोला क्षेत्र में हल्दीघेरा गांव में पिछले करीब दो सालों से करोड़ों की लागत से हाईटेक गोशाला का निर्माण कार्य चल रहा है जिस कारण वर्तमान में लावारिस पशुओं को रखने के लिए जगह उपलब्ध नहीं है। इस कारण यह समस्या बढ़ती जा रही है। संवाद
-
पशुओं को सड़कों पर छोड़ रहे पशुपालक



काशीपुर। पशुपालक अपने पशुओं को सड़कों पर छोड़ देते हैं। यह पशु सड़कों पर इधर-उधर घूमते रहते हैं जिनके कारण वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। साथ ही कई बार यह पशु हादसों का कारण बन जाते हैं। खासकर मोहल्ला कटोराताल, नागनाथ मंदिर मंदिर मानपुर रोड, मुंशी राम चौराहा, पुरानी व नई सब्जी मंडी, माता मंदिर रोड पर लावारिस गाय व सांड़ घूमते दिनभर देखे जा सकते हैं। कई बार सांड़ बीच सड़क पर खड़े होकर यातायात बाधित कर देते हैं। जब कोई हटाने का प्रयास करता है तो उस पर हमला करने को दौड़ पड़ते हैं। नगर निगम प्रशासन कई बार पशु पालकों को नोटिस जारी कर चुका है बावजूद इसके लावारिस पशुओं के सड़कों पर घूमने पर लगाम नहीं लग रही है। संवाद

आए दिन हो रहीं दुर्घटनाएं, जिम्मेदार बेखबर



गदरपुर/दिनेशपुर। नगर के मुख्य मार्ग सहित अन्य लिंक रोड पर लावारिस पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार दुकानों के सामने खड़े होने वाले लावारिस पशु आक्रामक हो जाते हैं। शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी लावारिस पशु खेत और घरों में घुसकर नुकसान करते हैं जिन पर अंकुश लगाने के प्रयास असफल हो रहे हैं। उधर, दिनेशपुर की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों में लावारिस पशुओं के आतंक से लोग परेशान हैं। इन पशुओं की आपसी लड़ाई और हमले में लोग चोटिल हो रहे हैं। पिछले दिनों उदयनगर और वार्ड नौ में लावारिस सांड़ के हमले से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सांड़ ने दुर्गापुर गांव में भी एक व्यक्ति पर हमला करके घायल कर दिया था। संवाद


लावारिस पशु ने बाइक सवार को मारी टक्कर, घायल



सितारगंज। नगर में लावारिस पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को कोतवाली सितारगंज गेट से कुछ दूरी पर एक लावारिस पशु ने बाइक सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वार्ड नंबर चार निवासी सरफराज अहमद (59) ने बताया कि बृहस्पतिवार को मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद वह बाइक से बाजार की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में कोतवाली गेट से कुछ दूरी पर लावारिस पशुओं के एक झुंड ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि सरफराज के हाथ, सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें