रुद्रपुर/काशीपुर। फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने के मामले में एसटीएफ की टीम ने काशीपुर से एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पुलिस ने एक पिस्टल, एक राइफल व आठ कारतूस बरामद किए हैं। उसने भी शाहजहांपुर से फर्जी लाइसेंस बनवाया था लेकिन खास बात यह है कि उसके दोनों शस्त्र एक ही नंबर से जारी अलग-अलग लाइसेंसों पर चढ़े हैं।
ऊधमसिंह नगर में चल रहे फर्जी शस्त्र लाइसेंस के मामले में एसटीएफ के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के 12 अभियुक्तों को हवालात पहुंचा चुकी एसटीएफ टीम ने एक और अभियुक्त को शनिवार देर रात काशीपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक पकड़े गए अभियुक्तों की संख्या 13 हो गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान काशीपुर क्षेत्र के ग्राम कचनालगाजी निवासी पलविंदर सिंह (46) के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ने उसके कब्जे से .30 बोर की एक सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार कारतूस, .315 बोर की एक राइफल और चार कारतूस बरामद किए हैं। जांच में बरामद शस्त्रों के साथ फर्जी लाइसेंस भी मिले हैं।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने इस पूरे नेटवर्क की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। अब तक की कार्रवाई में 13 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस और बड़ी संख्या में फर्जी व संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने वाले खुद अपने शस्त्र और लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण करें अन्यथा उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षक अरुण कुमार और निरीक्षक एमपी सिंह के नेतृत्व में एसटीएफ टीम ने कार्रवाई की है।