फर्जी आधार व पैन कार्ड बनाने वाले जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी आधार व पैन कार्ड बनाने वाले जनसेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ के प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को दरोगा विपिन जोशी व कृष्ण गोपाल मठपाल को सूचना मिली कि ट्रांजिट कैंप के मछली बाजार क्षेत्र में गंगवार जनसेवा केंद्र पर फर्जी व पैन आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। इस पर टीम ने जनसेवा केंद्र पर छापा मारा। जहां से ग्राम एंचौरा, थाना पटवाई, रामपुर उत्तरप्रदेश व हाल गड्डा कॉलोनी शिमलाबहादुर निवासी चेतन कुमार को पकड़ा।
पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि जो लोग सिडकुल में नौकरी करने बाहरी राज्यों से आते हैं उनको उत्तराखंड के आधार कार्ड व अन्य कागजात की अवश्यकता पड़ती है। लोगों को सिडकुल में नौकरी दिलाने के लिए वह आधार कार्ड में नाम बदलवाता है। एसटीएफ ने दस्तावेज जब्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।