रुद्रपुर। देहरादून में राज्य आपदा प्राधिकरण की ओर से मानसून तैयारी कार्यशाला आयोजित की गई। कलक्ट्रेट सभागार और तहसीलों में इसका लाइव प्रसारण किया गया। इसमें मुख्यमंत्री धामी ने आपदा मित्र योजना की तर्ज पर आपदा सखी योजना प्रारंभ किए जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के शुरू होने से महिला स्वयंसेवकों को आपदा से पूर्व चेतावनी, प्राथमिक चिकित्सा, राहत और बचाव कार्य, मनोवैज्ञानिक सहायता आदि के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यशाला में मौसम पूर्वानुमान, बाढ़ पूर्वानुमान, ईडब्ल्यूएस की निगरानी और प्रसार, भूस्खलन पूर्व चेतावनी प्रणाली, भूस्खलन जोखिम न्यूनीकरण के लिए भू-जांच की आवश्यकता, संसाधन और परिचालन संबंधी तैयारी, ग्लेशियर निगरानी, मानसून में होने वाली बीमारियों से बचाव, मार्गों पर भूस्खलन और बेस्ट प्रैक्टिसेज जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, नगर आयुक्त नरेश चंद्र दुर्गापाल, एसडीएम मनीष बिष्ट, सीओ आरडी मठपाल, सीईओ केएस रावत, एसीएमओ डॉ. राजेश आर्या, एआरटीओ नवीन कुमार आदि रहे।