मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही बंगाली, गुरुमुखी और उर्दू शिक्षकों की तैनाती की जाएगी और दो महीने के भीतर 15 हजार नौकरियों का तोहफा राज्य की जनता को दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि नवंबर में ही 130 उर्दू शिक्षकों, 20 बंगाली और 20 गुरुमुखी भाषा के अध्यापकों की नियुक्ति कर दी जाएगी। 50 हजार युवाओं को स्टार्ट अप योजना से जोड़ा जाएगा। इसके अंतर्गत चार वर्ष तक युवाओं को रोजगार मिलता रहेगा। इसके अलावा सरकार ने विभिन्न विभागों में रिक्त 30 हजार खाली पदों को भरने का फैसला किया है, जिसमें 14500 रिक्त पदों पर नियुक्ति कर दी गई है।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यह बात रविवार को शहर के ट्रांजिट कैंप के फुटबाल मैदान में 09.47 करोड़ की लागत से बनने वाले ट्रांजिट कैंप रम्पुरा पेयजल योजना और 43 करोड़ की लागत से बनने वाले गदरपुर जाफरपुर 220 मेगावाट विद्युत उपकेंद्र के शिलान्यास के बाद विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तैयार हो जाने से क्षेत्र के लोगों को साफ पेयजल और विद्युत उपकेंद्र से नियमित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के जरिए प्रदेश की तस्वीर बदलना चाहती है। मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप के फुटबाल मैदान के सुदृृढ़ीकरण के लिए 21 लाख की धनराशि और ट्रांजिट कैंप में सड़क बनाए जाने एवं ट्रांजिट कैंप में इंटर कालेज बनाए जाने की भी घोषणा की।
उन्होंने रंपुरा में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड नंबर 7 में प्राथमिक विद्यालय को उच्चीकृत कर जूनियर हाईस्कूल बनाने की भी घोषणा की। सीएम ने वार्ड 7 में स्थित काली मंदिर के सुंदरीकरण के लिए राज्य सभा सांसद राजबब्बर की निधि से तीन लाख उपलब्ध कराने की बात कही। सीएम ने पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ती रेखा विश्वास के नाम पर किसी सड़क का नाम रखने और उनके नाम पर पांच लाख रुपए के शिलापट्ट बनाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य की तरक्की के साथ ही सभी वर्गों को विकास से जोड़ना चाहती है।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के समान विकास के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नए कीर्तिमान कायम करने के लिए सरकार द्वारा अनेक जनहित और कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिनका सीधा फायदा लोगों को मिल रहा है। राज्यसभा सांसद राज बब्बर ने कहा कि कांग्रेस एक आंदोलन है उसे मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कहा कि जल पिलाना आदि काल से ही पुण्य का काम माना जाता है। कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने मुख्यमंत्री समेत सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वह 20 साल से लगातार क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री रावत से रुद्रपुर मेडिकल कालेज के निर्माण किए जाने समेत सिडकुल की तमाम कंपनियों के कार्मिकों की समस्याओं, पीटीए शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों आदि की समस्याओं के निदान की मांग रखी। कार्यक्रम का संचालन सुशील गाबा और अनिल शर्मा ने किया। इस मौके पर प्रदेश सह प्रभारी संजय कपूर, नारायण सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नारायण पाल, हरीश पनेरू, अजय तिवारी, पुष्करराज जैन, हरीश बावरा, जगदीश तनेजा, रामकुमार गुप्ता, तारक बछाड़, महेंद्र चावला, सरवरयार खान, प्रेमलता सिंह, डीके सिंह, ममता नारंग, मीना शर्मा, अनिल शर्मा आदि मौजूद थे।