रुद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती घायल जरनेल सिंह।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। दिनेशपुर क्षेत्र में जमीनी बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश में एक बुजुर्ग के साथ उसके बेटे, बहू और पोते ने मारपीट कर दी। आरोप है कि गुस्साए बेटे ने पिता पर ट्रैक्टर चढ़ाकर मारने की कोशिश की और तमंचे से जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल बुजुर्ग का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिनेशपुर के नेताजीनगर निवासी जोगेंद्र कौर ने थाने में दी तहरीर में कहा कि उसके पति जरनैल सिंह और बेटे गुरनाम सिंह का भूमि बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। 18 अप्रैल की सुबह आठ वह अपने पति के साथ कृषि भूमि पर जा रही थी। जैसे ही वे अपनी भूमि पर पहुंचे तो समीप रहने वाला गुरनाम सिंह, उसकी पत्नी सुखविंदर कौर और बेटा गुरदेव सिंह वहां आ गए। आरोप लगाया कि तीनों ने उन्हें घेर लिया। गुरदेव ने धक्का देकर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों के उसके पति को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। गुरनाम सिंह अपने घर पर खड़ा ट्रैक्टर ले आया और जान से मारने की नीयत से उसके पति पर चढ़ा दिया। इससे उसके पति गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश गए। जोगेंद्र का कहना है कि गुरदेव ने तमंचा निकालकर धमकाया और जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया। इसमें वह और पति बच गए। शोरगुल होने पर उसका सबसे छोटा बेटा हरजिंदर मौके पर आ गया और घायल पति को उठाकर अस्पताल ले गया। उसका कहना है कि तीनों ने मौका मिलने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी है। इसके बाद तीनों से उसे और परिवार को जानमाल का खतरा बना हुआ है। पुलिस ने मामले में गुरनाम सिंह, उसकी पत्नी सुखविंदर कौर और बेटे गुरदेव के खिलाफ धारा 307, 323, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।