काशीपुर में जमीन के लालच में मां ने बेटे पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र निवासी उमा शर्मा (60) पत्नी स्व. सुरेश कुमार शर्मा ने पुलिस चौकी में तहरीर सौंपी। बताया कि उनके पति का वर्ष 2022 में स्वर्गवास हो गया था। उनका एक बेटा व एक बेटी है। पति की मृत्यु के बाद उनके नाम पर जो 3.5 एकड़ भूमि थी, उसका उनके बेटे प्रणव और उनके बीच बंटवारा कर लिया गया। इसके बावजूद उनका बेटा उनके हिस्से की जमीन भी जोत रहा था।
ये पढ़ें- Bageshwar: गोशाला में फंदे से लटकी मिली महिला, पुलिस के मुताबिक आत्महत्या करने के कारणों का नहीं लगा पता
आरोप लगाया कि उनका बेटा उसको जमीन का कोई भी खर्चा नहीं दे रहा था। बताया कई बार बेटे से जमीन के रुपये मांगे, लेकिन नहीं दिए। बीती 29 मई की शाम उनका बेटा ट्रैक्टर-ट्राली से उनके आंगन में रखे रेते को उठाने लगा, जिसका उसने विरोध किया। इस बात वह भड़क गया और अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। बताया इस दौरान उनके बेटे ने उसके साथ मारपीट भी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।