दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में सिपाही और एक महिला की मौत हो गई। सिपाही को देर रात एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वहीं पति के साथ साइकिल पर फैक्ट्री में काम के लिए जा रही महिला को टूरिस्ट बस ने कुचल दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
चिंतपुर कालाढूंगी निवासी सिपाही रवींद्र सिंह कुंवर (42) पुत्र लाल सिंह यहां गिरीताल में परिवार समेत रह रहे थे। वर्तमान में वह रुद्रपुर लाइन में तैनात थे। बताया जाता है कि सोमवार को वह मुजरिम ड्यूटी कर रुद्रपुर से वापस काशीपुर बस से लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि बच्चों का फोन आने पर वह मेले से सामान खरीदने के लिए चैती चौराहा पर बस से उतरे, इसी दौरान दूसरी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। वहां से गुजर रहे रामनगर सीओ स्वतंत्र कुमार ने घायल रवींद्र को रामनगर रोड स्थित एमपी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रवींद्र कुंवर फौज से रिटायर्ड होने के बाद पुलिस विभाग में लगे थे। वह तीन साल काशीपुर में कटोराताल चौकी में तैनात रहे। मृतक रविंद्र के दो पुत्र दीपेश और पारस हैं। इधर सिपाही की मौत की सूचना मिलने पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ राजेश भट्ट, प्रभारी कोतवाल रचिता जुयाल ने मृतक सिपाही को श्रद्धांजलि दी।
इधर, मूल रूप से ग्राम जगदीशपुर कानपुर यूपी निवासी सरला (55) पत्नी खुशीराम हाल निवासी मोहल्ला मझरा अनाज मंडी के निकट एक दवा फैक्ट्री में पैकेजिंग का काम करती थी। मंगलवार की सुबह वह अपने पति के साथ साइकिल में सवार होकर फैक्ट्री जा रही थी। सब्जी मंडी के निकट एक बाइक सवार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। सरला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान मुरादाबाद से आ रही एक टूरिस्ट बस ने दूसरे वाहन को ओवर टेक करते हुए सरला को कुचल दिया। सरला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सरला के दो पुत्र और एक पुत्री है। एक पुत्र और पुत्री का विवाह हो चुका है। घटना के बाद बस चालक बस छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल दोनों ही घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।