बुधवार शाम को दिनेशपुर स्थित एक धार्मिक आयोजन के दौरान उत्साहित दरोगा ने अपनी सरकारी रिवाल्वर से हवा में फायर कर दिया। इस घटना से इर्द-गिर्द बैठे श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी के माहौल को देखते हुए रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विधायक एवं पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके की नजाकत को भांपते हुए सभी लोगों को धार्मिक आयोजन में शांति बनाए रखने की अपील की और अपने स्थान पर बैठने को कहा। मंच से भी संचालन कर रहे लोगों ने भी कहा कि भगवान का आयोजन हो रहा है, उत्साह में आकर किसी व्यक्ति ने ईश्वर का करतब ध्वनि आवाज करने के लिए फायर किया है। यह किसी रंजिश या कोई शत्रुता नहीं। इतना कहते ही सभी भक्त धार्मिक आयोजन में एकजुट होकर बैठ गए।
उधर, इस बाबत एसएसपी नीलेश आनंद भरणे से बात की गई तो उनका कहना है कि धार्मिक आयोजन का कार्यक्रम चल रहा था। किसी व्यक्ति ने उत्साह में हवा में फायर कर दिया। लोगों का आरोप है कि किसी दरोगा ने फायर किया है। इस घटना की जांच की जा रही है, अगर ऐसा पाया गया तो दोषी व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि फिलहाल कुछ लोग माहौल को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन विधायक ठुकराल समर्थक एवं एसएसपी ने माहौल को नियंत्रित कर दिया।