गदरपुर। पालिका क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने पालिका अध्यक्ष और सभासदों के साथ विचार विमर्श किया। सोमवार को ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता उमाकांत चतुर्वेदी और एई मीटर विवेक उपाध्याय के नेतृत्व में एक टीम ने पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
उमाकांत चतुर्वेदी ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के 11 वार्डों में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पालिका बोर्ड से सहयोग की अपील की। वार्ड नंबर पांच के सभासद परमजीत सिंह ने कहा ऊर्जा निगम के अधिकारी सभासदों से सामंजस्य से बनाकर कार्य करने की योजना बनाएं।
बैठक में पहुंचे एईएसएल कंपनी के डिविजनल हेड मनीष कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर भारत सरकार से प्रमाणित है। पालिका प्रशासन से स्मार्ट मीटर के कार्य में सहयोग की अपील की।
पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर ने कहा कि पालिका सीमा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने से पहले उपभोक्ताओं को विश्वास में लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जो स्मार्ट मीटर लगे हैं उसमें फास्ट बिलिंग को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है जिसको दूर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा सभी वार्डों के सभासदों के साथ वार्ता के बाद स्मार्ट मीटर लगाए जाने की कार्य योजना को मंजूरी दी जाएगी।
इस मौके पर एसडीओ प्रकाश शाह, सर्किल हेड हरीश तिवारी, जेई सुभाष आर्य, सभासद मुकेश चावला, सचिन गुप्ता, सलीम बाबा, मोबिन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।