रुद्रपुर। छह बच्चियों के यौन शोषण के आरोप में जेल में बंद मौलवी की एसआईटी कुंडली खंगाल रही है। एसआईटी की टीम रामपुर के शाहबाद से मौलवी के बारे में जानकारी जुटाकर लौट आई है और अब पीलीभीत के जहानाबाद जाने की तैयारी कर रही है।
एक गांव में स्थित मस्जिद के मौलवी पर 17 अगस्त को अस्थायी मदरसा खोलकर बच्चियों से यौन शोषण का मामला सामने आया था। पुलिस ने एक बच्ची की मां की शिकायत पर पीलीभीत के जहानाबाद थाने के ग्राम डांग निवासी मौलवी शब्बीर रजा के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
एसआईटी का किया गया है गठन
पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया तो अब तक छह बच्चियों के यौन शोषण होना पाया गया है। इस मामले में एसएसपी ने एसआईटी का गठन किया था। रविवार को अदालत से मंजूरी के बाद मौलवी को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लिया गया था और एसआईटी ने उसे मस्जिद के कमरे में ले जाकर घटनाओं में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया था।
मौलवी के मोबाइल में अश्लील वीडियो मिले थे
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मोबाइल से काफी अश्लील वीडियो मिले थे और ब्राउजर हिस्ट्री में भी अश्लील वीडियो के काफी लिंक मिले थे। मौलवी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वह दो महीने शाहबाद रामपुर में एक मस्जिद में रहा था। एक टीम ने वहां जाकर जानकारी जुटाई है। एक टीम मौलवी के गांव में जाकर उसके बारे में जानकारी जुटाएगी। पूरे प्रकरण में मजबूत साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है।