शक्तिफार्म के अरविंदनगर गांव में एसआईटी टीम के साथ जांच करने पहुंचे एसपी क्राइम प्रमोद कुमार।
- फोटो : SITARGANJ
शक्तिफार्म। शौचालयों, हैंडपंप और सीसी मार्ग निर्माण में अनियमितता की जांच करने के लिए दूसरे दिन भी एसआईटी की टीम पहुंची। टीम के अधिकारियों ने शिकायतकर्ता और ग्रामीणों के बयान लिए।
शुक्रवार को एसपी क्राइम प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने अरविंदनगर गांव में जांच के दायरे में आए मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और स्वजल योजना के तहत बनाए गए शौचालयों, हैंडपंप और सीसी सड़क का निरीक्षण किया। बाद में टीम ने शिकायतकर्ता निखिलेश घरामी से मिलकर उसके बयान दर्ज किए। बाद में टीम ने अरविंदनगर और अरविंदनगर आठ नंबर गांव का निरीक्षण कर वहां भी लाभार्थियों के घर-घर में शौचालय, हैंडपंपों का स्थलीय मुआयना कर उनके भी बयान लिए। टीम में स्वजल योजना के सामुदायिक विशेषज्ञ संजय श्रीवास्तव, जलसंस्थान के ईई एवं जेई, जल निगम, ग्रामीण निर्माण विभाग, जिला पंचायत राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला अल्पसंख्यक आदि विभाग के अधिकारी एवं पुलिस अफसर शामिल थे।