रुद्रपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व रुद्रपुर में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने बहनों को उपहार देकर जीवनभर रक्षा का वचन दिया।
रक्षाबंधन से तीन दिन पूर्व ही बाजारों में रौनक देखने को मिल रही थी। मुख्य बाजार, डीडी चौक, इंदिरा चौक और किच्छा रोड स्थित दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ी। बहनों ने अपने भाइयों के लिए आकर्षक राखियां और मिठाइयां खरीदीं। जिले के जेल में भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया, जहां निरुद्ध भाइयों को उनकी बहनों ने राखी बांधी। कई सामाजिक संगठनों ने सीमाओं पर तैनात जवानों, पुलिसकर्मियों और निर्धन बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। दूर-दराज से बहनें अपने मायके राखी बांधने पहुंचीं। पूरे दिन शहर में त्योहार की खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।
किच्छा में धूमधाम से मनाया गया राखी का त्योहार
किच्छा। राखी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही बहनें के भाइयों के घर जाने का सिलसिला शुरू होने से नगर के रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर काफी चहल-पहल रही। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके सुखी जीवन की कामना की। क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ को उनकी बहनों आशा रानी और कृष्णा रानी ने राखी बांधी।