पंतनगर सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में बृहस्पतिवार को ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों को पर्चे बांटे हैं। इसकी जानकारी मिलते ही उद्योगों के प्रबंधन में हलचल मच गई। कई फैक्ट्रियों के प्रबंधन सिडकुल चौकी पहुंचे और उन्होंने इसकी शिकायत की।
वहीं एक ट्रेवल एजेंसी की संचालिका ने सिडकुल चौकी में तहरीर दी है कि उनकी बसों को जबरन रोककर श्रमिकों को पर्चे बांटे गए हैं। तहरीर में ट्रेवल संचालिका ने एक ट्रेड यूनियन के नेता सहित उनके समर्थकों की शिकायत की है।
बृहस्पतिवार दोपहर में ड्यूटी शिफ्ट के दौरान जब श्रमिकों को लेकर बसें फैक्ट्रियों से निकल रही थीं तो कुछ ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और श्रमिकों की बसों को रोककर उनके अधिकारों को लेकर उद्योगों के प्रबंधन के अड़ियल रवैये सहित श्रमिक हितों से संबंधित पर्चे बांटे गए।
कुछ फैक्ट्री प्रबंधनों का आरोप है कि सिडकुल में कुछ लोग जबरन औद्योगिक अशांति का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना था कि फैक्ट्रियां श्रम कानून के तहत चल रही हैं, लेकिन कुछ लोग जबरन औद्योगिक क्षेत्र में माहौल को खराब करने पर आमादा हो गए हैं। उधर इस बारे में सिडकुल चौकी प्रभारी एमपी सिंह ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में पर्चे बंटे गए हैं।
जिन ट्रेवल एजेंसियों की बसों को जबरन रोक कर पर्चे बांटे गए हैं उनमें एक ट्रेवल एजेंसी की संचालिका ने चौकी में लिखित तहरीर दी है। इसमें एक ट्रेड यूनियन के नेता सहित उनके समर्थकों को नामजद किया है। चौकी प्रभारी एमपी सिंह ने कहा कि वह जांच कर रहे हैं। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बोरा पर हुए हमले की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
आल इंडिया सेंट्रल काउंसिल आफ ट्रेड यूनियन के बैनर तले कलक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे श्रमिकों ने श्रमिक नेता केेके बोरा पर विगत दिनों हुए हमले की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को भी अपना धरना जारी रखा।
इस दौरान एक्टू के प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि पिछले 20 मई से अभी तक केके बोरा के हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि जिला प्रशासन सिडकुल की एक फैक्ट्री के प्रबंधन के इशारों पर चल रहा है।