शार्ट सर्किट से राख हुआ एचडीएफसी का एटीएम
- फोटो : अमर उजाला
एटीएम कक्ष में लगे एसी में शार्ट सर्किट होने से एचडीएफसी का एटीएम स्वाहा हो गया। गश्त पर निकली चीता पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के दस घंटे बाद भी एटीएम कार्डिनेटर के मौके पर नहीं पहुंचने से मशीन में रखे कैश के नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है।
रविवार सुबह इंद्रा कालोनी स्थित एचडीएफसी के एटीएम में आग लगने से क्षेत्रवासियों में हड़कंप मच गया। आग का कारण एटीएम कक्ष में लगे एसी में शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। 100 नंबर पर सूचना मिलने के बाद पहुंची चीता पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों की मानें तो अग्निशमन विभाग को भी आग लगने की सूचना दी गई थी लेकिन आग बुझने के बाद एक दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा।
चीता टीम के सिपाही दिनेश ध्यानी, पूरन आर्या ने बताया कि शार्ट सर्किट होने के कुछ ही समय बाद आग बढ़ने लगी तो चीता 4 को भी बुलाया गया। चीता 4 के सिपाही पूरन और कृष्णा सिंह के पहुंचने के बाद एटीएम कक्ष के दरवाजे को तोड़ने के बाद पानी डालकर आग बुझी। पुलिस के अनुसार आग लगने के दौरान तैनात सुरक्षा गार्ड फकीर चंद्र भी वहां नहीं था।
फकीर चंद्र का कहना है कि पत्नी की तबियत खराब होने के कारण वह करीब चार बजे अपने घर चला गया था। पांच बजे आग लगने पर आसपास के दुकानदारों ने उसे सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद उसने अपने सुरक्षा अधिकारी के साथ ही मशीन में कैश डालने वाले स्टाफ को सूचना दी। देर शाम तक एटीएम कार्डिनेटर के घटनास्थल पर न पहुंचने से मशीन में रखे कैश के नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया।
................................