बीते दिनों अतिवृष्टि से फसल की हानि होने के सदमे से एक किसान की खेत पर ही मौत हो गई। एसडीएम और तहसीलदार ने किसान के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
ग्राम रायपुर निवासी भोला सिंह (40) पुत्र वुद्ध सिंह ढाई एकड़ भूमि का स्वामी था। बीते दिनों अत्यधिक वर्षा और ओले गिरने से उसकी फसल नष्ट हो गई थी। जिससे वह भारी सदमे में था। वह रविवार की सुबह खेत पर गया जहां हृदयगति रुकने के कारण उसकी मौत हो गई। उसकी बड़ी पुत्री की 11 मई को शादी है। किसान की मौत की सूचना पर एसडीएम विनीत कुमार और तहसीलदार गौरव चटवाल मृतक के घर पहुंच कर उसके परिजनों को ढांढस बंधाया और सरकार से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसडीएम विनीत कुमार ने बताया कि मृतक पीआरडी का भी जवान था। वह कृषक की श्रेणी में नहीं आता। सरकार से मिलने वाली योजनाओं के अंतर्गत उसके आश्रितों को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। वह घटना की रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।