काशीपुर। रोडवेज बस अड्डे को मुरादाबाद रोड पर स्थित सरवरखेड़ा शिफ्ट करना था। इसके लिए लोनिवि की ओर से पांच माह पहले परिवहन मुख्यालय को पत्र भेज कर निर्माण कार्य का आकलन करने का अनुरोध किया था। पांच माह बीतने के बाद भी परिवहन मुख्यालय की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में बस अड्डा शिफ्ट करने का मामला अधर में लटका नजर आ रहा है।
काशीपुर की जनता को वर्ष 1982 में रोडवेज डिपो की सौगात मिली थी। यहां करीब 42 बसें हैं। यहां से हरिद्वार, दिल्ली, जयपुर, आगरा आदि शहरों के लिए बस का संचालन किया जाता है। शहर के बीचों-बीच स्थित डिपो तक पहुंचना लोगों के लिए आसान है लेकिन कुछ साल से इस डिपो को शहर से बाहर करने की चर्चा होती रही है। पहले भी सूत मिल समेत मुरादाबाद रोड पर सरवरखेड़ा में जमीन का निरीक्षण किया जा चुका है लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हो सका। अब एक बार फिर से चर्चा होने लगी है।
पिछले साल छह अक्तूबर को लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय को भेजा है। इसमें लिखा गया है कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार रोडवेज बस अड्डे को मुरादाबाद बाइपास रोड पर स्थानांतरित किया जाना है।
घोषणा के तहत बस अड्डे, वर्कशॉप के लिए आवश्यक क्षेत्रफल की आवश्यकता है। ऐसे में बस अड्डे के निर्माण के लिए प्रारंभिक आगणन गठित कर अग्रिम कार्रवाई की जा सके। पत्र को भेजे पांच माह हो चुके हैं लेकिन अबतक परिवहन मुख्यालय की ओर से कोई पत्राचार नहीं हुआ है। लोनिवि की ओर से तीन बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है।
वर्जन
हमने परिवहन मुख्यालय को पत्र लिखा है। इसमें परिवहन निगम से बस अड्डे के लिए कितना एरिया चाहिए और उनकी क्या आवश्यकता है। तीन बार रिमांइडर भेजने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला रहा है।
- विवेक सक्सेना, अधिशासी अभियंता लोनिवि
..........
वर्जन
लोक निर्माण विभाग काशीपुर ने एक पत्र मुख्यालय को भेजा है, जिसकी एक प्रतिलिपि डिपो में आई है। इस प्रकरण में मुख्यालय स्तर से कार्रवाई चल रही है।
- राजेंद्र कुमार आर्य, सहायक महाप्रबंधक