काशीपुर। अंधड़ के साथ बारिश होने व बिजली कड़कने से ट्रांसफार्मर फुंकने और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने पर कई क्षेत्रों की बत्ती गुल हो गई। देर शाम को आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। उपकरणों के फुंकने से ऊर्जा निगम को करीब आठ लाख की चपत लगी है।
शुक्रवार देर रात आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान बिजली गिरने से टांडा उज्जैन व बांसफोड़ान में 400 केवी के दो ट्रांसफार्मर, कुंडेश्वरी व महुआखेड़ा गंज में 25 केवी के तीन, 100 केवी व 63 केवी का एक-एक ट्रांसफार्मर और अंधड़ में बिजली के आठ खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इससे टांडा उज्जैन, बांसफोड़ान, कुंडेश्वरी, महुआखेड़ा गंज, गिरीताल, कचहरी, आर्य नगर आदि क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोग रात भर अंधेरे में रहे।
बिजली नहीं आने से शनिवार सुबह पानी की दिक्कत से लोगों को दो-चार होना पड़ा। ऊर्जा निगम की टीम की ओर से कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम को आपूर्ति बहाल करने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता विवेक कांडपाल ने बताया कि सात ट्रांसफार्मर और आठ खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। अभी भी कुछ जगहों पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। देर शाम तक हर जगह आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से विभाग को करीब आठ लाख का नुकसान हुआ है।