घर में घुसकर व्यापारी की पिटाई करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें दो नामजद और पांच अज्ञात हैं। यहां बता दें कि 27 मई की देर रात्रि ग्राम करतारपुर निवासी केवल गाबा के पुत्र श्रेय गाबा गदरपुर बाजार में किसी कार्य के लिए आया था। इसी दौरान वार्ड नंबर नौ निवासी पंकज सुधा उर्फ पकिया के बीच में किसी बात को लेकर गाली गलौच और हाथापाई हो गई, जिससे आसपास के लोगों ने बीचबचाव कर दोनों को अपने-अपने घरों में भेज दिया था।
व्यापारी केवल गाबा ने आरोप लगाया कि रात एक बजे पंकज सुधा अपने दर्जनों साथियों के साथ घर में घुस आया। उसके हाथ में तमंचा था। वह उसने परिवार के लोगों को पीटा और तोड़फोड़ की। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर के आधार पर पंकज सुधा उर्फ पकिया, शिवम नागपाल निवासी दिनेषपुर रोड व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 504 व 506 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।