सैकड़ों मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी करने वाला बिलासपुर निवासी सीरियल रेपिस्ट सुनील रस्तोगी शनिवार को भी रुद्रपुर की पाक्सो कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। इससे पहले भी सुनील को 21 जनवरी के दिन कोर्ट में तलब किया गया था।
बता दें कि बिलासपुर निवासी टेलर का काम करने वाले सुनील रस्तोगी ने छह वर्षों तक दिल्ली, गाजियाबाद और रुद्रपुर में रहकर सैकड़ों मासूम बच्चियों को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया था। 10 फरवरी 2016 को रुद्रपुर के थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी एक नाबालिग छात्रा को अटरिया रोड के पास अपने झांसे में लेने के दौरान लोगों ने सुनील को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद एक मामले में पकड़े जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार कर दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कर दिया है। बीती 21 जनवरी को सुनील को रुद्रपुर के पाक्सो कोर्ट में हाजिर होना था लेकिन तिहाड़ जेल प्रशासन द्वारा उसे कोर्ट में पेश नहीं किया गया।
इसके बाद ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तिहाड़ जेल प्रशासन को सुनील के खिलाफ तलबी वारंट भेजकर 28 जनवरी को सुनील को दुबारा कोर्ट में पेश करने की अपील की थी उसके बाद भी सुनील शनिवार को कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। एसओ सुशील कुमार ने बताया कि अब उनके द्वारा फिर से दिल्ली कोर्ट और तिहाड़ जेल प्रशासन को आरोपी सुनील के खिलाफ तलबी वारंट भेजा जाएगा। ब्यूरो