रुद्रपुर। मैनपावर सप्लाई के नाम पर सिक्योरिटी एजेंसी संचालक से 31 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि व्यक्ति ने खुद को गुरुग्राम की एक कंपनी का एचआर बता कर मैनपावर सप्लाई के लिए अनुबंध किया लेकिन बिलों का भुगतान नहीं किया। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रुद्रपुर के दानपुर निवासी क्वालिफाइड सिक्योरिटी एंड प्लेसमेंट सर्विसेज के संचालक अजय प्रताप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2024 में उनकी मुलाकात रूप कुमार सिंह नामक व्यक्ति से हुई थी। उसने खुद को गुरुग्राम स्थित एक नामी कंपनी में एचआर बताया और मैनपावर सप्लाई के लिए अनुबंध किया। आरोप है कि रूप कुमार ने 45 दिन में भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद अजय ने तीन महीने तक लगातार सेवाएं दीं।
इस दौरान करीब 31 लाख रुपये के बिल बनें। अजय के अनुसार, जब वह भुगतान लेने के लिए गुरुग्राम स्थित कंपनी पहुंचा तो पता चला कि आरोपी वहां नौकरी छोड़ चुका है और उनकी फर्म का कोई भी वेंडर कोड कंपनी में मौजूद नहीं है। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर अभियुक्त के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।