रुद्रपुर में चालान काटते एडीएम
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट की सख्ती के बाद जिले में हेलमेट पहनो अभियान बुधवार को भी जारी रहा। दूसरे दिन एसडीएम और एआरटीओ खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर सैकड़ों दोपहिया वाहन चालकों के चालान कटवाए।
जिले में दोपहिया चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता मंगलवार से सख्ती के साथ लागू कर दी गई है। प्रभारी डीएम आशीष कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर मंगलवार को चप्पे-चप्पे पर पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों की चेकिंग का अभियान चलाया था। बुधवार को एसडीएम एपी वाजपेई और एआरटीओ आरपी राठौर ने खुद चेकिंग अभियान चलाया।
दोनों अधिकारियों ने शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग अभियान चलाया। शहर के पंपों पर बिना हेलमेट पहने तेल डलवाने आए 200 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे गए।