तेज रफ्तार स्कूटी आगे चल रहे ट्रैक्टर से जुड़ी डनलप से भिड़ गई। हादसे में स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। दो सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
रविवार को महुआडाबरा जसपुर निवासी छोटेलाल (60) अपने सबसे छोटे बेटे ध्रुव कुमार (16) के साथ स्कूटी में अपनी जमीन देखने कनकपुर की ओर जा रहे थे। स्कूटी को ध्रुव चला रहा था। स्कूटी के आगे डनलप बंधी ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी।
बरखड़ी के पास अचानक ध्रुव स्कूटी से संतुलन खो बैठा और वह सीधे डनलप पर जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र स्कूटी से छिटककर सड़क किनारे जा गिरे। सूचना मिलते ही पैगा चौकी प्रभारी ओमप्रकाश टीम के साथ वहां पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को सरकारी अस्पताल भिजवाया।
वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक छोटेलाल खेतीबाड़ी काम करता थे। उनके ध्रुव को छोड़कर चार बच्चे जलज, वंदना, आराधना और पर्वत हैं। ध्रुव पढ़ाई करता था। सूचना मिलने पर परिजन और परिचित पोस्टमार्टम हाउस में पहुंच गए। पुलिस ने डनलप और स्कूटी को कब्जे में ले लिया है।