रुद्रपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत निकाली जा रही न्याय यात्रा 23 अक्तूबर को रुद्रपुर पहुंचेगी। मंगलवार को सिटी क्लब में प्रेसवार्ता कर जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इसकी जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक ने बताया कि यात्रा के माध्यम से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्तूबर को सुबह 10 बजे हल्द्वानी से यात्रा शुरू होकर 11 बजे लालकुआं, 12:30 बजे किच्छा पहुंचेंगी। दो बजे सितारगंज, 3:30 बजे नानकमत्ता, पांच बजे खटीमा होते हुए शाम छह बजे रुद्रपुर में यात्रा का आगमन होगा। 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे रुद्रपुर से गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर होते हुए यात्रा जसपुर जाएगी। 25 अक्तूबर को हल्द्वानी में प्रेस वार्ता के साथ न्याय यात्रा का समापन होगा। वहां महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पुष्कर राज जैन, मोहन खेड़ा आदि मौजूद रहे। ब्यूरो