रुद्रपुर। एसटीएफ ने सोमवार देर शाम को ट्रांजिट कैंप के भट्ट बालाजी इंडस्ट्री कंपनी में छापा मारा। इस दौरान टीम ने गैलन और स्प्रे में भरा सैकड़ों लीटर सैनिटाइजर जब्त किया। बरामद सैनिटाइजर के प्रथमदृष्टया नकली होने की आशंका जताई जा रही है। टीम ने कंपनी स्वामी और एक सप्लायर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में यह भी पता चला है कि कंपनी मालिक बगैर लाइसेंस और बिल के सैनिटाइजर सप्लाई कर रहा था।
एसटीएफ के कुमाऊं प्रभारी एमपी सिंह को देर शाम सूचना मिली कि ट्रांजिट कैंप स्थित बालाजी इंडस्ट्री में सैकड़ों लीटर सैनिटाइजर रखा है। कंपनी स्वामी इसकी सप्लाई के लिए हल्द्वानी जाने की फिराक में है। सूचना पर एसटीएफ प्रभारी ने टीम के साथ कंपनी में छापा मारकर 29 पेटी सैनिटाइजर के साथ ही स्प्रे और अन्य छोटी-बड़ी शीशियों में सैनिटाइजर की बोतलें बरामद कीं।
पूछताछ में कंपनी मालिक ने बताया कि वह काशीपुर, रुद्रपुर और कोटद्वार से सैनिटाइजर खरीदकर लाया है। इनकी सप्लाई वह जिले के साथ ही हल्द्वानी में करता है। नकली सैनिटाइजर होने के शक में टीम ने कंपनी स्वामी को हिरासत में लेने के साथ ही सैनिटाइजर को जब्त कर लिया।
पूछताछ में कंपनी स्वामी ने एक और युवक का नाम लिया, जिसे टीम ने घेराबंदी कर कार समेत पकड़ लिया। उसके कब्जे से भी 20 गैलन सैनिटाइजर बरामद हुआ है। जब्त सैनिटाइजर को साइबर थाने में लाने के बाद ड्रग्स इंस्पेक्टर को बुलाकर जांच कराई गई। उन्होंने प्रथमदृष्टया सैनिटाइजर के नकली होने की आशंका जताई है।
एसटीएफ ने जब्त सैनिटाइजर को सीज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। एसटीएफ के कुमाऊं प्रभारी ने बताया कि कंपनी में बगैर लाइसेंस के सैनिटाइजर रखा था। इसके अलावा कंपनी का मालिक कोई बिल नहीं दिखा सका। टीम में एसआई केजी मठपाल, एसआई ब्रजभूषण गुरुरानी, ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष विनोद फर्त्याल, कांस्टेबल मनमोहन सिंह, रियाज अख्तर, गुरवत सिंह, प्रमोद रौतेला आदि थे।
फोरेंसिक लैब में होगी सैंपल की जांच
रुद्रपुर। जब्त किए गए सैनिटाइजर से फोरेंसिक टीम ने जांच के लिए सैंपल लिया है। लैब में जांच के बाद सैनिटाइजर के असली या नकली होने की सटीक जानकारी मिल पाएगी। फोरेंसिक टीम ने काशीपुर, रुद्रपुर और कोटद्वार से सैनिटाइजर देने वाली कंपनियों को भी राडार पर ले लिया है। (संवाद)
कोरोना काल में कुछ लोग नकली वस्तुओं को बाजार में बेच रहे हैं। ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है। कुमाऊं एसटीएफ की ओर से पकड़ा गया सैनिटाइजर जांच में नकली होने की आशंका है। सैनिटाइजर को सील कर पकड़े गए युवकों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। हमेशा ब्रांडेड सैनिटाइजर और मास्क का ही प्रयोग करें। - अजय सिंह, एसएसपी, एसटीएफ।