रुद्रपुर कलक्ट्रेट सभागार में बैठक करतीं डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : RUDRAPUR
दूसरे प्रदेशों में कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए डीएम रंजना राजगुरु ने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि दूसरे प्रदेशों में बढ़ते मामलों को देखते हुए अधिकारी पूर्व की भांति अपनी तैयारियां दुरुस्त रखें। स्वास्थ्य विभाग की टीम जिले की सीमाओं, औद्योगिक क्षेत्र और बस्तियों में रेंडम सैंपलिंग/जांच बढ़ाए। ऐसी जगहों पर विशेष ध्यान दें, जहां पर कोविड-19 संक्रमण बढ़ने की आशंका अधिक है।
डीएम ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों के यात्रा इतिहास के अनुसार कड़ी नजर रखते हुए केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कार्यवाही करें। उन्होंने सीएमओ से कोविड-19 से संबंधित मैन पावर को अपडेट रखने के निर्देश दिए। कहा कि ट्रू नेट, आरटीपीसीआर यंत्र, पीपीई किट, सैनिटाइजर, मास्क आदि की व्यवस्था पर्याप्त मात्रा में रखें।
उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले लोगों को मास्क, सैनिटाइजर, सामाजिक दूरी के नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वयं भी पालन करना सुनिश्चित करें। डीएम ने पुलिस विभाग को सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में मास्क, सामाजिक दूरी के प्रति सख्ती बरतने के निर्देश दिए। सीएमओ फ्रंट लाइन वर्करों का शत प्रतिशत टीकाकरण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जहां पर टीकाकरण केंद्र की जरूरत है, उन स्थानों पर केंद्र बनाकर अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि स्कूलों में बच्चों का कोविड-19 टेस्ट करना सुनिश्चित करे। जिले में अभी कोविड-19 संक्रमण की स्थिति सामान्य है लेकिन जिस तरह से अन्य प्रदेशों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे है उसे देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।