रुद्रपुर। स्नातक व स्नातकोत्तर में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं को शासन ने एक बार फिर प्रवेश का मौका दिया है। वंचितों के लिए 19 सिंतबर को प्रवेश प्रकिया पूरी की जाएगी। हालांकि शहर के एसबीएस डिग्री कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष की सीटें पहले ही फुल हैं तो वहीं स्नातकोत्तर में 85 फीसदी से अधिक प्रवेश हो चुका है।
समर्थ पोर्टल पर स्नातक प्रथम वर्ष में पहली बार छह जून से 14 जून तक प्रवेश प्रक्रिया की गई। इसमें सीटें आरक्षित रहने के बाद दूसरी बार फिर 11 से 20 जुलाई तक प्रवेश किया गया। तीसरी बार 27 अगस्त से पांच सितंबर तक प्रवेश किया गया। इससे एसबीएस डिग्री काॅलेज में स्नातक प्रथम वर्ष के बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए में कुल आरक्षित सीटें 2251 के सापेक्ष अधिक प्रवेश अभी तक हो चुके हैं।
बार-बार समर्थ पोर्टल के खुलने से छात्र-छात्रा प्रवेश का दबाव बनाते हैं। तो वहीं स्नातकोत्तर में भी एमए, एमएससी, एमकॉम की आरक्षित कुल सीटें 730 के सापेक्ष लगभग प्रवेश पूरे कर लिए गए हैं। इधर बीते दिनों छात्र-छात्राओं के प्रवेश पोर्टल खेलने के दबाव पर एक बार फिर पोर्टल खोला जा रहा है।
समर्थ पोर्टल के तहत स्नातक में सभी सीटें फुल हो चुकी है। बार-बार पोर्टल खोले जाने से कॉलेज पर दबाव पड़ता है और प्रवेश में समस्या आती है। यहां सितारगंज, किच्छा व गदरपुर के छात्र-छात्राओं की प्रवेश कराने की संख्या इस बार बहुत ज्यादा हैं। -सर्वजीत सिंह, प्राचार्य, एसबीएस डिग्री कॉलेज।