रुद्रपुर। सिनेमा हॉल में इमरजेंसी फिल्म का पोस्टर फाड़ने में संदिग्ध खालिस्तान समर्थक के साथ ही नाबालिग भी शामिल था। पुलिस ने काउंसलिंग कर नाबालिग को हिदायत दी और परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
दरअसल दो सितंबर को काशीपुर रोड स्थित रेव सिनेमा में लगे इमरजेंसी फिल्म का पोस्टर फाड़ दिया गया था। इसका वीडियो वायरल हुआ था। मंगलवार को पुलिस ने काशीपुर रोड से पोस्टर फाड़ने वाले हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी ग्राम चचेट, बहेड़ी बरेली को हिरासत में ले लिया था।
उसकी बाइक की नंबर प्लेट पर खालिस्तान लिखा हुआ था। पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसी और आईबी ने भी उससे कई घंटे पूछताछ की थी। कोई संदिग्ध संपर्क नहीं मिलने पर पुलिस एक्ट में चालान कर उसे छोड़ दिया गया। हरप्रीत ने बताया था कि उसके साथ पोस्टर फाड़ने में एक सहयोगी भी था। इस पर पुलिस सहयोगी को कोतवाली लेकर आई थी। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सहयोग नाबालिग था। इसके बाद काउंसलिंग की गई और परिजनों को सौंप दिया गया था।